अरुणाचल की पर्वतारोही काबक यानो ने फतह किया माउंट एकांकागुआ, पश्चिमी गोलार्ध की सबसे ऊंची चोटी

Untitled-1
Share this post

अरुणाचल प्रदेश की जांबाज़ पर्वतारोही काबक यानो ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने अर्जेंटीना में स्थित माउंट एकांकागुआ पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की है, जो पश्चिमी गोलार्ध और दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी मानी जाती है। समुद्र तल से 22,831 फीट की ऊंचाई पर स्थित माउंट एकांकागुआ को फतह करना किसी भी पर्वतारोही के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

यह सफलता काबक यानो के महत्वाकांक्षी 7-समिट माउंटेनियरिंग अभियान का अहम हिस्सा है, जिसके तहत वह दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हैं। 27 वर्षीय काबक यानो की यह उपलब्धि उनके साहस, धैर्य और अटूट संकल्प को दर्शाती है।

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के.टी. परनाइक (सेवानिवृत्त) ने काबक यानो को इस शानदार सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल काबक यानो की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि अरुणाचल प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का बड़ा स्रोत है। राज्यपाल ने उनके अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सराहना की।

गौरतलब है कि राज्यपाल के.टी. परनाइक ने 28 जुलाई को इटानगर स्थित लोक भवन से काबक यानो के 7-समिट माउंटेनियरिंग अभियान को औपचारिक रूप से रवाना किया था। इस अवसर पर राज्य के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री केंतो जिनी भी मौजूद थे और उन्होंने यानो को इस चुनौतीपूर्ण वैश्विक अभियान के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *