बिहार में अवैध बालू ढुलाई पर सरकार की सख्ती

बिहार में बालू और अन्य लघु खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सरकार ने अब पहले से कहीं ज्यादा कड़ा रुख अपना लिया है। राज्य के खान एवं भू तत्व विभाग ने साफ कर दिया है कि अवैध ढुलाई में पकड़े गए वाहनों पर लगाए गए जुर्माने की राशि अगर तय समय के भीतर जमा नहीं की गई तो ऐसे वाहनों को अंतिम रूप से जब्त कर राज्यसात कर लिया जाएगा। इस फैसले के बाद अवैध खनन और बालू माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल विभाग को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कई जिलों में बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट लगे वाहनों के जरिए बालू और अन्य खनिजों की खुलेआम तस्करी की जा रही है। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया जिसमें बड़ी संख्या में संदिग्ध वाहन पकड़े गए और उनके मालिकों पर नियमों के तहत भारी जुर्माना भी लगाया गया।
हालांकि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई वाहन मालिक तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जुर्माने की रकम जमा नहीं कर रहे थे जिससे कार्रवाई अधूरी रह जाती थी। इसी लापरवाही को रोकने के लिए अब विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है ताकि अवैध परिवहन करने वालों पर वास्तविक दबाव बनाया जा सके और खनिज संपदा की लूट पर लगाम लगाई जा सके। सरकार का मानना है कि इस फैसले से न सिर्फ नियमों का पालन सुनिश्चित होगा बल्कि राज्य के राजस्व को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।
