बिहार में मौसम स्थिर, घने कोहरे और कनकनी से लोगों की बढ़ी परेशानी

COOLD

बिहार के मौसम में आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है और पछुआ हवाओं के कारण सुबह और रात के समय कनकनी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है, क्योंकि ठंडी हवाएं तापमान को नीचे बनाए रखेंगी।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने सोमवार को पटना समेत राज्य के 14 शहरों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। इन जिलों में बक्सर, भभुआ, रोहतास, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, बेगूसराय और शेखपुरा शामिल हैं। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। रविवार को नालंदा के राजगीर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित 12 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

अधिकतम तापमान की बात करें तो पटना में यह 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि किशनगंज में 27.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक तापमान रहा। कोहरे का असर गयाजी में सबसे अधिक देखने को मिला, जहां दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है और ठंड व कोहरे का असर बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed