दिल्ली-एनसीआर में अचानक घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम, आईएमडी का येलो अलर्ट

cold
Share this post

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली और कई इलाकों में घना कोहरा छा गया। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कई जगहों पर शून्य या 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अचानक बढ़ी ठंड के कारण लोगों को तेज ठिठुरन महसूस हुई और सुबह घर से निकलना मुश्किल हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को फरवरी का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, वहीं पिछले चार वर्षों में भी इस दौरान सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार रात शांत हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश ने वातावरण में नमी बढ़ा दी, जिससे घने कोहरे की स्थिति और गंभीर हो गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सफदरजंग में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.8 डिग्री कम रहा। आईएमडी ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें सुबह के समय बहुत घना से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।

कोहरे के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे चली गई, जिससे प्रमुख सड़कों, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को वाहन चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिकांश वाहन चालक इंडिकेटर और फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से गाड़ियां चलाते नजर आए, वहीं एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक की रफ्तार काफी कम हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *