DGCA ने इंडिगो को झटका: शीतकालीन उड़ान कार्यक्रम में 10% कटौती के निर्देश

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो एयरलाइंस को अपने शीतकालीन उड़ान परिचालन में 10 प्रतिशत की कटौती करने के निर्देश दिए हैं। DGCA ने कहा है कि इंडिगो लगातार उड़ान सेवाओं में व्यवधान का सामना कर रही है और समस्याओं को समय पर हल करने में विफल रही है, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई है।
DGCA द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, इंडिगो को नवंबर 2025 में कुल 64,346 उड़ानों की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसने केवल 59,438 उड़ानों का ही संचालन किया। इसके अलावा, 951 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। छह प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि के बाद 403 विमानों के संचालन की अनुमति होने के बावजूद इंडिगो ने नवंबर में सिर्फ 344 विमानों का ही उपयोग किया।
महानिदेशालय ने इंडिगो को आज शाम 5 बजे तक संशोधित उड़ान कार्यक्रम प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, ताकि समायोजित और विश्वसनीय उड़ान संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
