गणतंत्र दिवस पर गुजरात की झांकी का जलवा, लगातार चौथी बार पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड जीतकर रचा इतिहास

6
Share this post

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में गुजरात की झांकी ने एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक पहचान का प्रभावी प्रदर्शन किया। गुजरात की झांकी ने लगातार चौथी बार ‘पॉपुलर चॉइस श्रेणी’ में पहला स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुक्रवार को राज्य को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुजरात की झांकी को सम्मानित किया। इस अवसर पर गुजरात सरकार की ओर से डॉ. विक्रांत पांडे और किशोर बचाणी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस उपलब्धि पर गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय परेड में गुजरात की झांकी ने लगातार चौथे वर्ष पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान रक्षा राज्य मंत्री की उपस्थिति में गुजरात के सूचना विभाग को प्रदान किया गया, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

झांकी निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के दौरान राष्ट्रीय रंगशाला में विभिन्न राज्यों के कलाकारों के बीच आयोजित सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में भी गुजरात ने अपनी छाप छोड़ी। गुजरात के पारंपरिक नृत्य को प्रोत्साहक पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे राज्य की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिली।

इस वर्ष गुजरात की झांकी ‘स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम्’ थीम पर आधारित थी, जिसमें देशभक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया गया। झांकी का निर्माण गुजरात सरकार के सूचना आयुक्त कार्यालय द्वारा किया गया था। पूरे प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन सूचना आयुक्त किशोर बचाणी ने किया, जबकि अपर सूचना निदेशक अरविंद पटेल के निर्देशन में झांकी को अंतिम रूप दिया गया।

गुजरात की यह सफलता नई नहीं है। इससे पहले वर्ष 2023 में ‘क्लीन ग्रीन एनर्जी युक्त गुजरात’ विषय पर आधारित झांकी को पॉपुलर चॉइस पुरस्कार मिला था। वर्ष 2024 में ‘धोरडो: वर्ल्ड बेस्ट टूरिज्म विलेज’ झांकी को पॉपुलर चॉइस के साथ जूरीस चॉइस श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था। वहीं वर्ष 2025 में ‘अनार्तपुरथी एकतानगर सुधी–विरासतथी विकासनो अद्भुत संगम’ झांकी ने पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड अपने नाम किया था। वर्ष 2026 में लगातार चौथी जीत के साथ गुजरात ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक उत्कृष्टता को फिर से साबित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *