भारतीय सर्राफा बाजार में सोना-चांदी धड़ाम, कीमतों में भारी गिरावट
भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ताजा कारोबार में 24 कैरेट सोना 5.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1 लाख 61 हजार 440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया। वहीं चांदी की कीमतों में और ज्यादा दबाव नजर आया और यह 12.4 प्रतिशत टूटकर 3 लाख 52 हजार 640 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
कमोडिटी बाजार में भी कीमती धातुओं पर बिकवाली का असर साफ दिखाई दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना करीब 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1 लाख 60 हजार 952 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। इसी तरह मार्च डिलीवरी वाली चांदी भी 11.6 प्रतिशत लुढ़ककर 3 लाख 53 हजार 300 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते सोने-चांदी की कीमतों में यह तेज गिरावट देखने को मिली है। आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक आंकड़ों और डॉलर की चाल के आधार पर सर्राफा बाजार में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
