मिशन रोज़गार के तहत पंजाब में रिकॉर्ड नौकरियां, सीएम भगवंत मान

cm---panjab
Share this post

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘मिशन रोज़गार’ के तहत युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए अब तक 63,943 सरकारी नौकरियां प्रदान करने का दावा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी भर्तियों में किसी भी प्रकार की रिश्वत, सिफ़ारिश या राजनीतिक दबाव को जगह नहीं दी गई और पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी तथा मेरिट के आधार पर की गई है।

मोहाली में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि योग्य युवाओं को उनका हक मिले और उन्हें नौकरी के लिए दर-दर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि मिशन रोज़गार के तहत बुधवार को भी विभिन्न विभागों में चयनित 916 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे उनके सपनों को नई उड़ान मिली है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों को रिश्वत और सिफ़ारिश का जरिया बना दिया गया था, जिससे ईमानदार और मेहनती युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाता था। उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है और अब नौकरियां केवल योग्यता के आधार पर दी जा रही हैं।

सीएम मान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं का भरोसा सरकार पर मजबूत हुआ है। उन्होंने इसे पंजाब के युवाओं के आत्मसम्मान और भविष्य से जुड़ा बड़ा कदम बताया।

सरकार का कहना है कि आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया इसी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जारी रहेगी, ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिल सके और पंजाब को फिर से तरक्की की राह पर आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *