भारतीय खेलों के लिए ऐतिहासिक रहा साल 2025, क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स तक भारत ने रचा नया इतिहास

Untitled-6

साल 2025 भारतीय खेलों के लिए गर्व, प्रगति और संभावनाओं से भरा हुआ साबित हुआ। इस साल भारत ने न सिर्फ दुनिया के बड़े खेल मंचों पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई बल्कि कई खेलों में ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल कीं। महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत से लेकर नीरज चोपड़ा के 90 मीटर से आगे भाला फेंकने तक, पैरा एथलीटों के रिकॉर्ड प्रदर्शन से लेकर खो खो जैसे पारंपरिक खेलों की वैश्विक पहचान तक, भारत ने हर मोर्चे पर अपनी ताकत दिखाई।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार अपना पहला विश्व खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर देश को गौरवान्वित किया। इस जीत ने महिला क्रिकेट के प्रति सोच बदलने और निवेश बढ़ाने का रास्ता खोला।

पुरुष क्रिकेट में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जीतकर दम दिखाया, हालांकि टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू हार ने टीम को झकझोर दिया। फुटबॉल में भी भारत ने कदम आगे बढ़ाए और महिला व जूनियर टीमों ने एशियाई टूर्नामेंटों के लिए क्वालिफाई किया।

नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर नया कीर्तिमान बनाया और बेंगलुरु में नीरज चोपड़ा क्लासिक का आयोजन कर एथलेटिक्स को नई पहचान दी। पैरा एथलेटिक्स वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी कर भारत ने 22 पदक जीतकर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई।

शतरंज में दिव्या देशमुख ने महिला वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा, जबकि मुक्केबाजी में जैस्मिन लांबोरिया और नूपुर ने देश को पदक दिलाए। बैडमिंटन, हॉकी और पैरा बैडमिंटन में भी भारत का दबदबा दिखा। सबसे भावुक कहानी महिला आइस हॉकी टीम की रही, जिसने कठिन हालातों में एशिया कप में कांस्य पदक जीतकर नई पीढ़ी को प्रेरित किया।

कुल मिलाकर 2025 वह साल रहा जिसने यह साबित कर दिया कि भारत अब सिर्फ खेलों में भाग लेने वाला नहीं बल्कि उन्हें दिशा देने वाला देश बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed