उत्तर भारत में बदला मौसम, जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी से जगी पर्यटन की उम्मीदें

r

कड़कड़ाती सर्दी के बीच उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका असर दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में सुबह से ही भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया है। बर्फबारी के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी और उम्मीद दोनों नजर आ रही हैं, क्योंकि हर बार की तरह इस बार भी बर्फ गिरने के बाद प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

जम्मू कश्मीर के पूंछ जिले में करीब छह साल बाद जोरदार बर्फबारी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद हुई इस बर्फबारी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। एक स्थानीय महिला ने बताया कि वह मूल रूप से जम्मू की रहने वाली हैं और शादी के बाद यहां आई हैं। उन्होंने पहली बार अपनी आंखों के सामने इतनी खूबसूरत बर्फबारी देखी है और आज का दिन उनके लिए यादगार बन गया है।

पर्यटन स्थल पहलगाम में भी सुबह से लगातार तेज बर्फबारी हो रही है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पर्यटक बर्फबारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं। पुणे से आए एक पर्यटक ने बताया कि वे पहली बार पहलगाम आए हैं और पहली ही यात्रा में इतनी भारी बर्फबारी देखने का मौका मिला है। पर्यटक बर्फ के गोले बनाकर एक दूसरे पर फेंकते नजर आए और माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा हो गया।

मुंबई से कश्मीर घूमने आई महिलाओं के एक समूह ने बताया कि वे कई दिनों से कश्मीर में घूम रही हैं, लेकिन आज का नजारा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उनका कहना है कि आज उन्हें वापस लौटना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनकी फ्लाइट रद्द हो गई। अगर फ्लाइट कैंसिल नहीं होती तो शायद इतनी शानदार बर्फबारी देखने का मौका ही नहीं मिलता। उनके मुताबिक पूरा कश्मीर बर्फ से ढक गया है और यह नजारा किसी जन्नत से कम नहीं लग रहा।

बारामूला में भी तेज बर्फबारी जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे और आखिरकार आज मौसम ने साथ दिया। बर्फबारी की वजह से कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बर्फबारी और पर्यटकों के आने से ही उनका रोजगार चलता है और आज कश्मीर सच में स्वर्ग जैसा लग रहा है।

जानकारी के अनुसार श्रीनगर, बारामूला, रियासी, गुलमर्ग और पूंछ में सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहुंचे पर्यटकों के लिए आज का दिन बेहद खास बन गया है और हर तरफ सर्द मौसम के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed