पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया और कई नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को आज नई गति मिली है और राज्य को आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में मजबूत आधार मिला है।
रेल यात्रा को आधुनिक बनाने और इंटर स्टेट तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि इन नई ट्रेनों के शुरू होने से केरल में रेल संपर्क मजबूत हुआ है, जिससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और पर्यटन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से गुरुवायूर और त्रिशूर के बीच शुरू की गई नई यात्री ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे तीर्थयात्रियों की यात्रा पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुगम होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, वे केरल के समग्र विकास को तेज करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विकसित केरल का होना बेहद जरूरी है और केंद्र सरकार इस दिशा में राज्य के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने जिन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, उनमें नागरकोइल से मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम से तंबरम अमृत भारत एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम से चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और त्रिशूर से गुरुवायूर के बीच चलने वाली नई यात्री ट्रेन शामिल हैं। इन सभी सेवाओं का संचालन और रखरखाव सदर्न रेलवे द्वारा किया जाएगा।
इन नई रेल सेवाओं के शुरू होने से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे पूरे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान प्रदान को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
