केदारनाथ में बर्फबारी थमते ही जवानों ने संभाला मोर्चा, पांच फीट जमी बर्फ हटाकर रास्ते किए बहाल
केदारनाथ धाम में लगातार दो दिनों तक हुई भारी बर्फबारी के बाद बुधवार सुबह मौसम साफ हुआ तो सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने करीब पांच फीट तक जमी बर्फ को हटाकर बाधित संपर्क मार्गों को फिर से खोल दिया। इसके साथ ही जवानों ने अपने बैरकों के आसपास जमा बर्फ को भी साफ किया ताकि दैनिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए।
केदारनाथ की विषम भौगोलिक परिस्थितियां, अत्यधिक ठंड और कम ऑक्सीजन के बावजूद जवानों का मनोबल पूरी तरह मजबूत बना हुआ है। बाबा केदार की नगरी में इस समय तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, लेकिन इन कठोर हालातों में भी जवान पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
फिलहाल केदारनाथ धाम में उत्तराखंड पुलिस के चार जवान और आईटीबीपी के जवान तैनात हैं, जो शीतकाल के दौरान धाम की सुरक्षा व्यवस्था को संभाले हुए हैं। मौसम खुलते ही सुबह से ही बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे धाम परिसर और आसपास के मार्ग सुरक्षित बनाए जा सकें। कड़ाके की ठंड और प्रकृति की चुनौतियों के बीच भी सुरक्षाबलों की सतर्कता और समर्पण केदारनाथ धाम की सुरक्षा का मजबूत आधार बना हुआ है।
