केरल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज ‘फलस्तीन 36’ से होगा

तिरुवनंतपुरम, आठ दिसंबर (भाषा) — केरल के तिरुवनंतपुरम में 30वें केरल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफके) का आगाज 12 दिसंबर को एनीमेरी जैसिर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘फलस्तीन 36’ से होगा।
यह फिल्म ब्रिटिश उपनिवेशवाद के खिलाफ फलस्तीनी विद्रोह पर आधारित एक ऐतिहासिक कथा प्रस्तुत करती है।
केरल राज्य चलचित्र अकादमी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महोत्सव की शुरुआती फिल्म का नाम उस वर्ष से प्रेरित है जब फलस्तीन ने ब्रिटिश शासन और यहूदीवाद के विरुद्ध विद्रोह शुरू किया था।
आईएफएफके 12 से 19 दिसंबर तक केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया जाएगा।
‘फलस्तीन 36’ को टोक्यो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिल चुका है, साथ ही यह फिल्म 98वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म के लिए फलस्तीन की आधिकारिक प्रविष्टि भी रही है।
जैसिर की एक और फिल्म ‘वाजिब’ भी इस महोत्सव में प्रदर्शित की जाएगी, जिसे आईएफएफके के शुरुआती संस्करणों में सुवर्णा चकोरम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
