मधुबनी में यूपीआई फ्रॉड, पड़ोसी के बेटे ने महिला के खाते से उड़ाए 2.16 लाख रुपये
मधुबनी जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के बैंक खाते से 2 लाख 16 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पीड़िता शोभिता देवी के अनुसार, उनके बेटे के मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड का गलत इस्तेमाल कर यह रकम निकाली गई। इस पूरे मामले में आरोप पड़ोसी के बेटे सोनू यादव पर लगा है, जिसने कथित तौर पर यूपीआई के जरिए खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए।
जानकारी के मुताबिक, सोनू यादव ने महिला के नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर पहले उसका एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लिया। इसके बाद मोबाइल फोन के जरिए यूपीआई का इस्तेमाल करते हुए धीरे-धीरे बड़ी रकम खाते से निकाल ली गई। जब खाते से पैसे कम होने लगे तो महिला को ठगी का शक हुआ और उन्होंने बैंक जाकर अपने मोबाइल फोन से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई।
बैंक में शिकायत के बाद भी जब मामले की सच्चाई सामने नहीं आई तो शोभिता देवी ने साइबर थाने का रुख किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उनके खाते से 2.16 लाख रुपये की निकासी यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए की गई है। पीड़िता ने पूरे मामले को लेकर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर लोगों को अपने मोबाइल, एटीएम कार्ड और यूपीआई से जुड़ी जानकारी को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी देता है।
