गया में महाबोधि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का उद्घाटन, अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मिली सौगात

बिहार के गया जी में आज महाबोधि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (MMCH) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, माननीय विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और माननीय मंत्री संतोष सुमन मांझी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह को क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
महाबोधि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल आम लोगों के बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां मरीजों को आधुनिक तकनीक से लैस उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में विभिन्न विभागों के साथ जांच, इलाज और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे गया और आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर बताया गया कि MMCH में अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी तैनात की गई है, ताकि मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवा मिल सके। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब लोगों को पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में यह भी दोहराया गया कि एनडीए सरकार राज्य के हर जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोलने के संकल्प पर लगातार काम कर रही है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को विकेंद्रीकृत करना और ग्रामीण व दूरदराज के इलाकों तक बेहतर इलाज पहुंचाना है।
महाबोधि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के शुरू होने से न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे गया जिले के विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
