भतीजे ने चाचा को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

bihar-news-30-6-25-58580

जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊजारी सिकठी गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक भतीजे ने अपने सगे चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से एक नाली बंदूक, एक हथियार का हिस्सा (पीस) और छह जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक नियाज़ खान अपनी बेटी की शादी के लिए जमीन बेचना चाहते थे। इसी जमीन को लेकर परिवार में आंतरिक विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी विवाद के समाधान के नाम पर भतीजे एनाम खान ने नियाज़ खान को बुलाया।

बातचीत के दौरान अचानक एनाम ने पहली गोली दीवार पर, दूसरी हवा में और फिर दो गोलियां नियाज़ खान के सीने में उतार दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह सारी घटना मृतक के भाइयों के सामने हुई।

 मृतक के बड़े भाई आफताब अहमद खान ने बताया, “मेरे बड़े भाई नियाज़ खान अपनी बेटी की शादी के लिए जमीन बेचना चाहते थे। जमीन का आपसी बंटवारा सिर्फ मौखिक था, कोई लिखित दस्तावेज नहीं था। इस विवाद को सुलझाने के बहाने एनाम खान उन्हें ले गया और गोली मार दी।”

 घटना की सूचना मिलते ही भभुआ डीएसपी शिव शंकर कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया, “उजारी सिकठी गांव में जमीनी विवाद के चलते परिवार के ही सदस्य ने गोली मारकर हत्या कर दी है। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक नाली बंदूक, एक हथियार का पीस और छह जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed