दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात की अटकलें तेज

CM-BIHAR-12

बिहार की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना से दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इस संभावित बैठक को बिहार की बदली हुई सियासी परिस्थितियों और आने वाले समय की रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस मुलाकात में केंद्र और राज्य के संबंधों, विकास योजनाओं की रफ्तार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के भविष्य के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी दिल्ली दौरे में मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है।

खास बात यह है कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह पहला दिल्ली दौरा है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। गठबंधन को कुल 203 सीटों पर जीत मिली, जिसमें भारतीय जनता पार्टी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिलीं, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें हासिल हुईं।

इस ऐतिहासिक जीत के बाद पटना के गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। उस कार्यक्रम को बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखा गया था।

अब इसी कड़ी में दिल्ली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित मुलाकात को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह बैठक न सिर्फ बिहार बल्कि राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed