केंद्रीय बजट 2026-27 पर नीतीश कुमार की मुहर, बोले विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह सकारात्मक, स्वागत योग्य और भविष्योन्मुखी है, जिसमें देश के विकास की रफ्तार तेज करने के लिए कई अहम फैसले किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट के जरिए विकास, रोजगार और आधारभूत ढांचे को मजबूती देने पर विशेष ध्यान दिया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि बजट में देशभर में सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा बेहद महत्वपूर्ण है। खास तौर पर वाराणसी से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे राज्य में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही बजट में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की घोषणा भी बिहार के लिए फायदेमंद साबित होगी। पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराने से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के कई शहरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलमार्गों के विस्तार से बिहार के उत्पादों के निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे व्यापारिक और व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्कों और महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना की घोषणा से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन का ऐलान देश और बिहार के युवाओं के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा।
नीतीश कुमार ने बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष फोकस को भी सराहा। उन्होंने कहा कि विकास और रोजगार के अवसरों को तेज करने के लिए इन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने से बिहार को औद्योगिक निवेश, बेहतर आधारभूत संरचना और युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही शहरी विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई दिशा मिलेगी, जिससे शहरों में निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार का विस्तार होगा।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए विकास का मजबूत रोडमैप पेश करता है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
