समृद्धि यात्रा के दूसरे दिन मोतिहारी पहुंचेंगे सीएम नीतीश कुमार, 138 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ जारी है और शनिवार 17 जनवरी को यात्रा का दूसरा दिन है। इस दौरान मुख्यमंत्री पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी पहुंचेंगे, जहां वे करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही लगभग 34 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास भी उनके हाथों किया जाएगा। इस यात्रा को राज्य सरकार की विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने और जनता से सीधे संवाद का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मोतिहारी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कैथवलिया गांव में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में भी पहुंचेंगे। यहां वे दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास माना जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।
समृद्धि यात्रा के साथ-साथ मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर सियासी हलचल भी तेज है। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जेडीयू के भीतर लगातार निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर मांग उठ रही है, जिसे लेकर पार्टी के समर्थकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की संभावित घर वापसी को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान इन दोनों मुद्दों पर सोशल मीडिया में लगातार पोस्ट और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे बिहार की राजनीति में नई अटकलों को हवा मिल रही है। समृद्धि यात्रा जहां विकास कार्यों को गति देने का माध्यम बन रही है, वहीं इसके साथ राजनीतिक संदेश और समीकरण भी सुर्खियों में हैं।
