हिजाब विवाद के बाद सीएम नीतीश कुमार की सुरक्षा कड़ी, राजगीर कार्यक्रम रद्द

cm-bihar

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। हिजाब विवाद के बाद मिले खुफिया इनपुट को ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि कुछ असामाजिक और आपराधिक तत्व मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बिहार के डीजीपी और एडीजी (एसएसजी सुरक्षा) स्तर पर की गई। इस उच्चस्तरीय समीक्षा के बाद विशेष सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।

हिजाब विवाद के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार सुर्खियों में हैं और उन्हें संभावित निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसी के मद्देनजर राजगीर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

गौरतलब है कि मंच पर एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने के कथित विवाद को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ देश के कई राज्यों में कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश, झारखंड और कर्नाटक के बाद अब जम्मू-कश्मीर में भी इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है।

शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर की प्रमुख राजनीतिक पार्टी पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में आवेदन दिया। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने श्रीनगर के कोठी बाग थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

हिजाब विवाद को लेकर बढ़ते विरोध और कानूनी कार्रवाई के बीच प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और मुख्यमंत्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed