पठानकोट में मुस्लिम समुदाय के बच्चों ने उत्साह से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस, दिया एकता का संदेश
आज पूरे देश में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में कई स्थानों पर मुस्लिम समुदाय ने भी बढ़-चढ़कर इस राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी निभाई। पंजाब के पठानकोट जिले के गांव नाला स्थित एक मदरसे में 26 जनवरी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुस्लिम समुदाय के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए, तिरंगा झंडा फहराया और राष्ट्रगान गाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। बच्चों ने बताया कि भले ही भारत 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ था, लेकिन वास्तविक स्वतंत्रता 26 जनवरी 1950 को मिली, जब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान लागू हुआ और देशवासियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्राप्त हुए।
बच्चों ने कहा कि यह देश सभी का है और वे भी इस देश का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे देश को एकजुट रखने और प्रगति की राह पर आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने भी मुस्लिम समुदाय द्वारा गणतंत्र दिवस को इतने उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।
