पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज, धूल भरी तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट
पंजाब में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को राज्य के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है, ताकि लोग सतर्क रह सकें।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद लुधियाना समेत कई जिलों में अचानक बादल छा गए। सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही, लेकिन दो से तीन बजे के बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ की रिपोर्ट के मुताबिक दिन के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया है। दिन का तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। आने वाले दो दिनों में हवाओं की रफ्तार बढ़ने और कुछ इलाकों में बारिश होने से तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के दौरान सावधानी बरतें। खुले स्थानों पर खड़े वाहनों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के पास जाने से बचें, वहीं किसानों को भी अपनी फसलों को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।
