ट्रंप का बड़ा फैसला, भारत पर टैरिफ घटाकर 18% किया, हरियाणा पानीपत टेक्सटाइल इंडस्ट्री में लौटी उम्मीद
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से निर्यात होने वाले उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ में बड़ी कटौती का ऐलान किया है। पहले जहां यह टैरिफ 50 प्रतिशत तक था, अब इसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। अमेरिका के इस फैसले को भारत के निर्यातकों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
टैरिफ में कटौती की खबर सामने आते ही हरियाणा के पानीपत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री में सकारात्मक माहौल बन गया है। लंबे समय से ऊंचे टैरिफ के कारण अमेरिका को होने वाला निर्यात प्रभावित हो रहा था, जिससे उद्योग पर दबाव बढ़ गया था। अब टैरिफ कम होने से पानीपत के उद्यमियों को एक बार फिर ऑर्डर बढ़ने और कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जगी है।
उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि इस फैसले से न सिर्फ निर्यात में बढ़ोतरी होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। पानीपत, जो देश का प्रमुख टेक्सटाइल हब माना जाता है, वहां के कारोबारियों के लिए यह फैसला संजीवनी साबित हो सकता है।
