हरियाणा में एक बार फिर ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल, छह IAS अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी
हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा बदलाव करते हुए छह आईएएस अधिकारियों की ट्रांसफर व अतिरिक्त जिम्मेदारियों से जुड़ी सूची जारी की है। इस सूची में अधिकारियों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है, जिससे प्रशासनिक कामकाज को और प्रभावी बनाया जा सके।
जारी आदेशों के अनुसार 2007 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश गुप्ता को हिसार डिवीजन के कमिश्नर के पद के साथ-साथ अर्बन स्टेट डिपार्टमेंट का सचिव नियुक्त किया गया है। सरकार ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
इसके अलावा 2018 बैच के आईएएस अधिकारी और रोहतक के उपायुक्त सचिन गुप्ता को सिंचाई विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। वहीं इसी बैच की आईएएस अधिकारी अपराजिता, जो वर्तमान में कैथल जिले की उपायुक्त हैं, उन्हें इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को कार्यक्षमता बढ़ाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
