चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुटी प्रदेश सरकार, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे
प्रदेश सरकार आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय कर दी गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर केदारनाथ धाम सहित अन्य धामों के कपाट खुलने की तिथियों की भी विधिवत घोषणा की जाएगी। चारधाम यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि आने वाली चारधाम यात्रा देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और यादगार बने। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य, यातायात, आवास और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकें।
