वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को जबरदस्त रिस्पॉन्स, टिकट बुकिंग खुलते ही फुल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हाल ही में उद्घाटन की गई देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। टिकट बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर ट्रेन की सभी सीटें पूरी तरह भर गईं। इस बात की जानकारी रेल मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर दी। लंबे समय से देश में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का इंतजार किया जा रहा था और इसकी शुरुआत के साथ ही यात्रियों का उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, कामाख्या और हावड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत शयनयान रेलगाड़ी की पहली व्यावसायिक यात्रा को रिकॉर्डतोड़ रिस्पॉन्स मिला है। मंत्रालय ने बताया कि पीआरएस और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जैसे ही टिकट बुकिंग शुरू हुई, कुछ ही घंटों में सभी श्रेणियों की सीटें बुक हो गईं। यह ट्रेन संख्या 27576 के तहत संचालित की जाएगी और आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रीमियम सेमी-हाई-स्पीड रेल सेवा का हिस्सा है।
रेलवे के मुताबिक, यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 22 जनवरी 2026 से कामाख्या से और 23 जनवरी 2026 से हावड़ा से अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगी। इस नई ट्रेन सेवा के लिए टिकट बुकिंग 19 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी और 24 घंटे से भी कम समय में सभी टिकट बिक गए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह आंकड़ा यात्रियों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा विकल्पों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
रेल मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि पहली ही यात्रा में मिली शानदार प्रतिक्रिया यह साबित करती है कि आधुनिक सुविधाओं वाली रात्रिकालीन ट्रेनों के प्रति यात्रियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। बेहतर यात्रा समय, उन्नत कोच डिजाइन और विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ यह ट्रेन लंबी दूरी की रात की यात्रा को ज्यादा आरामदायक बनाएगी।
इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को नौ नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत का भी ऐलान किया है। इन ट्रेनों में कामाख्या-रोहतक, हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल, बेंगलुरु-अलीपुरद्वार, अलीपुरद्वार-मुंबई और गोमती नगर-डिब्रूगढ़ जैसे अहम रूट शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि इन नई सेवाओं से देश के विभिन्न हिस्सों के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और आम यात्रियों को तेज व किफायती यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा।
