पंजाब में नशे के खिलाफ तेज हुई जंग, ‘युद्ध नशे के विरुद्ध 2.0’ अभियान को मिला जनसमर्थन

f
Share this post

पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूत करते हुए राज्य के मोगा जिले के गांव किल्ली चहलां में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध 2.0’ के तहत एक बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के खात्मे में सक्रिय योगदान देने और इस बुरी लत से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

पंजाब की पवित्र धरती को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज से इस बुराई को जड़ से खत्म करने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल सरकारी मुहिम नहीं बल्कि जन आंदोलन बन चुका है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

इस अभियान के तहत अमृतसर जिले के गांव ओठियां में भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़वाने वाले विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों और पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। उन्हें इनामी राशि के चेक देकर सराहना की गई, ताकि समाज में नशे के खिलाफ काम करने वालों का मनोबल बढ़े और दूसरों को भी प्रेरणा मिले।

सरकार का कहना है कि नशे के खिलाफ इस अभियान को पंजाब के लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है और यही जनसमर्थन इस लड़ाई की सबसे बड़ी ताकत है। जनभागीदारी से उठी यह लहर आने वाले समय में नशे की जड़ों को पूरी तरह खत्म करने में निर्णायक साबित होगी।

संदेश स्पष्ट है कि यदि समाज मिलकर संकल्प ले तो किसी भी सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है। पंजाब में चल रही यह मुहिम इसी सामूहिक संकल्प और जागरूकता की ताकत का उदाहरण बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *