किऊल-गया रेलखंड को भारतीय रेल की नई सौगात

भारतीय रेलवे ने किऊल-गया रेलखंड के यात्रियों को एक नई सौगात दी है। गोड्डा से चलकर दौराई (अजमेर) जाने वाली गोड्डा-दौराई स्पेशल ट्रेन के शेखपुरा जंक्शन पहुंचने पर एनडीए और महागठबंधन के नेताओं ने मिलकर ट्रेन का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर राजद विधायक विजय सम्राट, लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली, सांसद प्रतिनिधि सचिन सौरव, सामाजिक कार्यकर्ता शंभू यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोगों और कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नवादा और गया होते हुए दौराई के लिए रवाना किया।
यह ट्रेन स्पेशल रैक के रूप में आज रवाना हुई, और 3 अगस्त से यह नियमित साप्ताहिक ट्रेन के रूप में दौराई से परिचालन करेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से गोड्डा से दिल्ली होते हुए दौराई तक के लंबे रेलमार्ग पर सीधी सुविधा मिलने से आम यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया।
राजद विधायक विजय सम्राट ने इस मौके पर कहा:
“यह पहली बार है जब शेखपुरा से दिल्ली होते हुए कोई ट्रेन सीधे दौराई तक जाएगी। इसके लिए मैं रेल मंत्री और भारतीय रेल को धन्यवाद देता हूँ।”
उन्होंने इस रेलखंड पर अधिक सुविधाएं बढ़ाने और शेखपुरा से नई दिल्ली के लिए चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की भी मांग की।
वहीं लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने कहा:
“यह शेखपुरा जिला वासियों के लिए गर्व की बात है कि बाबा महादेव की धरती से ख्वाजा की नगरी अजमेर तक एक नियमित ट्रेन आज़ादी के बाद पहली बार शुरू की गई है। इसके लिए मैं जमुई सांसद अरुण भारती और रेलवे अधिकारियों का आभार प्रकट करता हूँ।”
उन्होंने इसके साथ ही शेखपुरा जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की।
ट्रेन की विशेषताएं:
19604 गोड्डा-दौराई स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जिनमें फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी, स्लीपर, जनरल और पार्सल यान शामिल हैं। यह ट्रेन गोड्डा से चलकर 34 प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए कुल 1683 किलोमीटर की दूरी तय कर दौराई (अजमेर) पहुंचेगी।
