चिराग पासवान ने की नीतीश कुमार की जमकर तारीफ, कहा—डबल इंजन की सरकार में बनेगा विकसित बिहार

rrrrrrrr

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए खगड़िया में चुनाव प्रचार करने पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार पूर्ण विकसित राज्य बनेगा। चिराग ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

अब तक नीतीश कुमार की आलोचना करने वाले चिराग पासवान का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा, “बिहार में पुनः डबल इंजन की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ रहा है और जनता इस विकास को देख रही है।”

चिराग पासवान मंगलवार को खगड़िया के बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के चौथम दुर्गा स्थान में जेडीयू प्रत्याशी पन्नालाल सिंह पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो अपने सहयोगियों को सम्मान नहीं देता, उससे जनता को सम्मान देने की उम्मीद नहीं की जा सकती।”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद विधायक दल नीतीश कुमार को ही नेता चुनेगा। चिराग ने कहा, “हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं, और वही मुख्यमंत्री होंगे।”

साथ ही उन्होंने मुसलमानों से भी एनडीए का समर्थन करने की अपील की। चिराग ने कहा, “मुसलमानों को खुलकर एनडीए का समर्थन करना चाहिए। डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है, जिससे विकास होगा। 11 साल से इस देश के मुसलमानों को मोदी के नाम पर डराया जा रहा है, लेकिन अब बिहार एकता और विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed