मुजफ्फरपुर को मिला नया एयरपोर्ट, उत्तर बिहार में हवाई सेवाओं का विस्तार

पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद केंद्र की मोदी सरकार ने बिहार के लोगों को एक और बड़ी सौगात दी है। अब उत्तर बिहार के लोगों के लिए मुजफ्फरपुर में नया एयरपोर्ट बनने जा रहा है। शनिवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक हवाई सेवाओं के विस्तार से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
28.58 करोड़ रुपये की लागत, 11 महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि मुजफ्फरपुर के मौजूदा हवाई अड्डे को कोड-2B श्रेणी के विमानों के संचालन योग्य बनाया जाएगा। इसके तहत प्री-फैब स्टील संरचना वाला टर्मिनल भवन, आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर, अग्निशमन केंद्र और अन्य सहायक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना 28.58 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होगी और इसका कार्य 11 महीने के भीतर संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने इस परियोजना के लिए ऑनलाइन ई-टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
उत्तर बिहार के विकास में नया अध्याय
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर बिहार के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। साथ ही, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार मिल सकेगा। यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा और बिहार को विमानन क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
सरकार का लक्ष्य: आरामदायक और सुलभ यात्रा
सरकार का उद्देश्य है कि बिहार के अधिक से अधिक जिलों में हवाई संपर्क स्थापित किया जाए ताकि यात्रियों को यात्रा में सुविधा और समय की बचत मिल सके। पूर्णिया एयरपोर्ट की तरह मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट भी उत्तर बिहार के लिए विकास का नया द्वार साबित होगा। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित बिहार” के विजन के तहत राज्य में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
