बिहार कैबिनेट की अहम बैठक आज, युवाओं को मिल सकती है बड़ी सौगात

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज मंगलवार को दूसरी कैबिनेट बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में यह बैठक शाम 3:30 बजे मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट कक्ष में आयोजित होगी। नई सरकार की दिशा और निर्णयों को समझने के लिए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
युवा और रोजगार पर बड़े फैसले की संभावना
कैबिनेट की आज की बैठक में किन एजेंडों पर मुहर लगेगी, इसे लेकर व्यापक चर्चा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवाओं के रोजगार से जुड़ा कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। नीतीश सरकार पहले ही 1 करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का वादा कर चुकी है। ऐसे में नई पारी की शुरुआत तेज़ कामकाज और ठोस नीतिगत फैसलों के साथ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
तीन नए विभागों को मिल सकती है हरी झंडी
आज की बैठक में राज्य में तीन नए विभागों के गठन पर भी कैबिनेट मुहर लगा सकती है। जिन विभागों के गठन का प्रस्ताव है:
- युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग
- उच्च शिक्षा विभाग
- नागर विमानन विभाग
इन तीनों विभागों के गठन का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना और राज्य के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। इससे रोजगार और कौशल विकास संबंधी योजनाओं को और तेज़ी से लागू किया जा सकेगा।
