बिहार कांग्रेस की दिल्ली में अहम बैठक आज, राहुल गांधी विधायकों से करेंगे मुलाकात, नेता चयन पर हो सकता है फैसला

बिहार कांग्रेस के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज यानी 23 जनवरी को दिल्ली में आयोजित की जा रही है, जिसमें राहुल गांधी बिहार कांग्रेस के सभी विधायकों से मुलाकात करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में विधायक दल के नेता के चयन को लेकर भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है। यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर शाम 4:30 बजे होगी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करना और विधानसभा में पार्टी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट करना है। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और पार्टी सिर्फ छह सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई। चुनाव नतीजों के बाद से ही पार्टी में अंदरूनी असंतोष और खींचतान की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच कुछ विधायकों के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने भी सियासी हलचल बढ़ा दी है।
आज की बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधान परिषद में पार्टी के नेता मदन मोहन झा, बिहार से लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद, सभी छह विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायकों की नाराजगी लंबे समय से बनी हुई है। विधायकों का कहना है कि प्रदेश संगठन और नेतृत्व उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा और फैसले लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सीमित कर दी गई है।
इन्हीं कारणों से पार्टी में टूट की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। ऐसे हालात में आज की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बिहार विधानसभा में कांग्रेस के छह विधायकों में से किसी एक को विधायक दल का नेता चुना जाना है और इस पर अंतिम निर्णय आज लिया जा सकता है। पार्टी नेतृत्व सभी विधायकों से वन टू वन बातचीत करेगा और उनकी नाराजगी के कारणों को समझने की कोशिश करेगा।
बताया जा रहा है कि इस बातचीत के आधार पर संगठन में विधायकों की भूमिका बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। साथ ही आलाकमान विधायकों को यह समझाने की कोशिश करेगा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में दूसरी पार्टियों में जाने से उन्हें किस तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है और कांग्रेस के भीतर उनके लिए क्या संभावनाएं मौजूद हैं। कुल मिलाकर बिहार कांग्रेस के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से आज की दिल्ली बैठक को बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
