अब लग्जरी अंदाज में घूमें बिहार, पर्यटन विभाग ने शुरू की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कैरावैन बसें

अगर आप बिहार को शाही और लग्जरी अंदाज में एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। बिहार पर्यटन विभाग ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दो लग्जरी कैरावैन बसों की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि इस मौके पर मंत्री खुद भी कैरावैन बस में सवार होकर सफर करते नजर आए और इसकी सुविधाओं का जायजा लिया।
ये लग्जरी कैरावैन बसें किसी चलते फिरते फाइव स्टार होटल से कम नहीं हैं। बस के भीतर बेडरूम, बाथरूम, किचन और ड्रेसिंग एरिया जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पूरी बस एयर कंडीशन्ड है और यात्रियों के लिए 24 घंटे वाईफाई की सुविधा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से बस में छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
बिहार पर्यटन विभाग के अनुसार इन दोनों कैरावैन बसों पर करीब 2 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत आई है। इन्हें ऑल इंडिया परमिट प्राप्त है, यानी इन बसों से न केवल बिहार बल्कि देश के किसी भी पर्यटन स्थल की यात्रा की जा सकती है। पर्यटकों के लिए बुकिंग की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है।
इन लग्जरी कैरावैन बसों के जरिए पर्यटक पटना, गया, राजगीर, बक्सर, जहानाबाद, नवादा, बांका और वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों की भी सैर कर सकेंगे। बस में चार ऑटोमेटेड रिक्लाइनर सीटें, तीन सीटर सोफा और चार स्लीपर बर्थ दिए गए हैं। सीटें 360 डिग्री घूमने वाली हैं और हर सीट के साथ मोटराइज्ड पर्दे, स्नैक टेबल और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट मौजूद हैं। बेडरूम में लगाए गए ऑर्थोपेडिक मैट्रेस कमर और सर्वाइकल से जुड़ी समस्याओं वाले यात्रियों के लिए भी आरामदायक हैं।
मनोरंजन और सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। कैरावैन में 43 इंच का स्मार्ट टीवी लगाया गया है और हर स्लीपर बर्थ में अलग टीवी दिया गया है। सामान रखने के लिए एयरक्राफ्ट की तरह ओवरहेड केबिन और सोफे के नीचे पर्याप्त स्टोरेज स्पेस मौजूद है। इमरजेंसी एग्जिट की सुविधा भी दी गई है।
कैरावैन बस के किचन में घर जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें इंडक्शन चूल्हा, फ्रिज, माइक्रोवेव और वाटर कूलर शामिल हैं। बर्तन धोने के लिए वॉश बेसिन और स्टोरेज कंपार्टमेंट भी बनाए गए हैं, जिससे लंबी यात्रा के दौरान होटल पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बाथरूम में मरीन टॉयलेट, शॉवर एरिया और गर्म व ठंडे पानी की सुविधा दी गई है। बेडरूम में ड्रेसिंग एरिया और बड़ा शीशा लगाया गया है, ताकि यात्री आराम से तैयार हो सकें।
बुकिंग के लिए पर्यटक बिहार टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन बुकिंग सिख हेरिटेज भवन, दरोगा राय पथ और कौटिल्य विहार स्थित काउंटरों से की जा सकती है। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8544418209 पर संपर्क कर भी जानकारी और बुकिंग की जा सकती है।
बिहार पर्यटन की ये लग्जरी कैरावैन बसें अब सफर को केवल यात्रा नहीं बल्कि एक शाही, सुरक्षित और यादगार अनुभव में बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
