पटना में बिहार सरस मेला-2025 का आयोजन, ग्रामीण उद्यमिता और जीविका दीदियों को बढ़ावा

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित बिहार सरस मेला-2025 का आज भ्रमण किया गया। यह मेला ग्रामीण विकास विभाग की ओर से हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण उद्यमियों और जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और बाज़ार उपलब्ध कराना है।
भ्रमण के दौरान मेले में की गई व्यवस्थाओं और आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। सरस मेला में राज्य के विभिन्न जिलों से आई जीविका दीदियों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य उत्पाद और पारंपरिक कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
जीविका दीदियों के स्टॉल उनके परिश्रम, आत्मनिर्भरता और उत्कृष्ट हस्तकौशल को दर्शाते हैं। यह मेला ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।
ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार कई पहल की जा रही हैं। जीविका दीदियों के संवर्द्धन, प्रशिक्षण और विपणन के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान दे सकें।
