बिहार में मौसम का बदला मिजाज, दिन में 32.5 डिग्री की तपिश और रात में ठंड से लोग परेशान
फरवरी अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई है और बिहार में मौसम ने ऐसा रुख बदल लिया है कि लोग समझ नहीं पा रहे कि पंखा चलाएं या कंबल ओढ़ें। दिन के समय तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को पसीना ला रही है, जबकि रात होते ही हल्की ठंडक फिर से महसूस होने लगती है। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है।
सबसे ज्यादा तापमान मोतिहारी में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिहाज से काफी ज्यादा माना जा रहा है। राज्य के नौ जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला गया है, जबकि बाकी जिलों में यह 28 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। दोपहर के समय धूप इतनी तेज हो जा रही है कि लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।
मौसम वैज्ञानिक इसे प्री समर ट्रांजिशन फेज का संकेत मान रहे हैं। यह वह दौर होता है जब सर्दी तेजी से विदा लेने लगती है और गर्मी धीरे-धीरे दस्तक देती है। बिहार के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है। हालांकि रात का न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है, लेकिन ठंड की हल्की कनकनी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। इसी वजह से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर महसूस किया जा रहा है।
19 फरवरी को राज्य में मौसम का उतार-चढ़ाव साफ दिखाई दिया। दिन में जहां मोतिहारी में 32.5 डिग्री तापमान रहा, वहीं रात में सबसे कम तापमान किशनगंज में 10.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इस तरह अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच करीब 21.6 डिग्री का अंतर देखने को मिला, जो आम दिनों की तुलना में काफी ज्यादा है।
पटना में दिन का तापमान 29.2 डिग्री और रात का 16 डिग्री दर्ज किया गया। गया में दिन में 29 डिग्री और रात में 12.4 डिग्री तापमान रहा। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच और रात का 11 से 16 डिग्री के आसपास रहा। दोपहर में गर्मी का असर साफ महसूस हो रहा है, जबकि रात में हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मार्च की शुरुआत के साथ गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है। यदि तापमान का यही रुझान जारी रहा तो इस वर्ष सामान्य से पहले गर्मी पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के पैटर्न में ऐसे बदलाव अब पहले से ज्यादा देखने को मिल रहे हैं।
फिलहाल स्थिति यह है कि दिन में लोग पंखे का सहारा ले रहे हैं और रात में कंबल की जरूरत महसूस कर रहे हैं। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आम लोगों के लिए उलझन भरा साबित हो रहा है। आने वाले दिनों में तापमान का रुख किस दिशा में जाएगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
