हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को दिल्ली में सस्ते फ्लैट, DDA की कर्मयोगी आवास योजना में आवेदन शुरू

y
Share this post

हरियाणा के सरकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब उन्हें दिल्ली में किफायती दरों पर फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने अपनी कर्मयोगी आवास योजना 2025 के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसे लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

डीडीए के वाइस चेयरमैन एन. सरवाना कुमार की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इस योजना के तहत दिल्ली के नरेला क्षेत्र के पॉकेट-9 में सेक्टर A-10 से A-14 के बीच कुल 1,168 रेडीमेड आवासीय यूनिट उपलब्ध कराई जाएंगी। ये फ्लैट बाजार मूल्य से करीब 25 प्रतिशत तक की छूट पर दिए जा रहे हैं। इस योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 तय की गई है।

लेटर मिलने के बाद मुख्य सचिव ने यह जानकारी विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों के माध्यम से राज्य सरकार के कर्मचारियों तक पहुंचा दी है, ताकि इच्छुक कर्मचारी समय रहते आवेदन कर सकें। योजना के तहत एक, दो और तीन बेडरूम वाले फ्लैट शामिल हैं, जिनमें पार्किंग की सुविधा, लिफ्ट, बड़ी बालकनी, सामुदायिक केंद्र या क्लब हाउस और पर्याप्त खुला व हरित क्षेत्र उपलब्ध कराया गया है।

डीडीए ने साफ किया है कि दिल्ली या देश के किसी अन्य हिस्से में पहले से संपत्ति होने पर इस योजना में आवेदन करने पर कोई रोक नहीं है। जो आवेदक योजना की शर्तों को पूरा करते हैं, वे एक या एक से अधिक फ्लैट के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। यह पूरा आवासीय क्षेत्र केवल इस योजना के तहत आवेदन करने वालों के लिए आरक्षित रखा गया है। इससे केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सरकारी उपक्रमों, सरकारी बैंकों, स्थानीय निकायों और सरकारी विश्वविद्यालयों में कार्यरत तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

कनेक्टिविटी की बात करें तो यह आवासीय क्षेत्र एक विकसित शहरी इलाके का हिस्सा है, जहां मेट्रो, चौड़ी सड़कें, पास में प्रस्तावित एजुकेशन सिटी और नेशनल हाईवे व मुख्य सड़कों से बेहतर जुड़ाव जैसी सुविधाएं मिलेंगी। डीडीए का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय के लिए आवास खरीदने के लिहाज से एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

योजना के अनुसार कर्मयोगी आवास योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 19 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुका है, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 14 जनवरी 2026 से आरंभ हुई है। यह योजना 31 मार्च 2026 तक खुली रहेगी। इच्छुक आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जहां नियम, लेआउट प्लान और अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार कीमतों की पूरी जानकारी एक ब्रोशर में उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *