नवादा दौरे पर नीतीश कुमार: विद्यालय से जलाशय तक कई योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नवादा जिले के रजौली प्रखंड का दौरा किया और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सबसे पहले उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं छात्रावास, चिरैला का निरीक्षण किया, जहां उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा वहां मौजूद जीविका दीदियों से संवाद भी किया। संवाद के दौरान जीविका दीदियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ और अपने अनुभव साझा किए, जिस पर नीतीश कुमार ने संतोष जताया।
हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निरीक्षण
इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र-सह-हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। सीएम ने केंद्र में मौजूद सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को मरीजों की हर सुविधा का ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और उत्कृष्ट बनाने की बात भी कही।
फुलवरिया जलाशय और जलापूर्ति योजना की समीक्षा
सीएम ने रजौली में फुलवरिया जलाशय का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के अंतर्गत चल रही रजौली बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने जलापूर्ति को सुचारू बनाने और कार्य प्रगति में तेजी लाने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने 182 मत्स्य पालन केज, फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट, और प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रगतिशील कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
औद्योगिक क्षेत्र के कार्यों में तेजी के निर्देश
नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान रजौली में स्थापित होने वाले औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस परियोजना को तेजी और प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि नवादा जिले को औद्योगिक विकास का लाभ समय पर मिल सके।
