पटना नीट छात्रा मौत मामले में सीबीआई की एंट्री, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस संवेदनशील प्रकरण की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने औपचारिक तौर पर एंट्री कर ली है। गुरुवार को सीबीआई ने पटना में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। केंद्रीय एजेंसी ने केस नंबर 7S/26 के तहत मामला दर्ज किया है और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस फाइल किया गया है।
अब यह देखना अहम होगा कि सीबीआई अपनी जांच में इस मामले से जुड़े तथ्यों को किस तरह सामने लाती है और अब तक उलझी गुत्थी को सुलझा पाती है या नहीं। मामले को लेकर पहले से ही जनाक्रोश और राजनीतिक हलचल बनी हुई थी, ऐसे में केंद्रीय एजेंसी की एंट्री को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरअसल 31 जनवरी को बिहार सरकार ने इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया था। गृह विभाग के मंत्री और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में हुई नीट छात्रा की हत्या के मामले कांड संख्या 14/26 को सीबीआई से जांच कराने का आग्रह किया है ताकि घटना का पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से उद्भेदन सुनिश्चित हो सके।
राज्य सरकार के अनुरोध के करीब 12 दिन बाद सीबीआई ने औपचारिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले तक स्थानीय स्तर पर जांच चल रही थी, लेकिन मामले की संवेदनशीलता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इसे केंद्रीय एजेंसी को सौंपा गया।
अब आगे की जांच में सीबीआई घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, तकनीकी पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल करेगी। परिजनों और आम लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या केंद्रीय एजेंसी इस मामले में सच्चाई तक पहुंच पाएगी और दोषियों को कानून के दायरे में ला सकेगी।
