राशन कार्ड ई-केवाईसी में तेजी के निर्देश, 15 फरवरी तक सभी लाभुकों का सत्यापन अनिवार्य

राशन कार्ड धारकों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने को लेकर बुधवार को प्रखंड सभाकक्ष में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अभिजीत कुमार गोविंदा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य ई-केवाईसी से वंचित लाभुकों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करना था।
बैठक दो चरणों में आयोजित की गई, जिसमें पहले चरण में नरकटियागंज और दूसरे चरण में सिकटा एवं मैनटांड प्रखंड के डीलर शामिल हुए। एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने साफ कहा कि सभी शेष लाभुकों का ई-केवाईसी हर हाल में 15 फरवरी तक पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने या लापरवाही बरतने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल के सभी प्रखंडों में अब तक औसतन करीब 80 प्रतिशत ई-केवाईसी का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन शेष लाभुकों को भी जल्द से जल्द इस प्रक्रिया से जोड़ना जरूरी है, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को राशन योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक ने जानकारी दी कि नरकटियागंज में कुल 3 लाख 26 हजार 879 लाभुकों में से 2 लाख 58 हजार 80 का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है। वहीं अब भी बड़ी संख्या में लाभुक ऐसे हैं, जिनका सत्यापन लंबित है।
अनुमंडल प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नरकटियागंज में करीब 68 हजार 799 लाभुक, सिकटा में 39 हजार 803, मैनटांड में 36 हजार 120, गौनाहा में 35 हजार 852 और लौरिया में 39 हजार 234 लाभुक अब तक ई-केवाईसी से वंचित हैं। प्रशासन ने इन सभी प्रखंडों में अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया कि लौरिया और गौनाहा प्रखंड के डीलरों के साथ गुरुवार को अलग से समीक्षा बैठक की जाएगी। बैठक में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील प्रताप सिंह, एमओ दीपक, कार्यपालक सहायक शिशू कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
