समृद्धि यात्रा के तहत सारण पहुंचे मुख्यमंत्री, 538 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

समृद्धि यात्रा के क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के साथ आज सारण जिले का भ्रमण किया गया। इस दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया और अधिकारियों के साथ उनकी प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर सारण जिले में जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए आम लोगों से सीधा संवाद किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले को बड़ी विकास सौगात देते हुए 451 करोड़ रुपये की लागत से 45 नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया, वहीं 87 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
छपरा सदर में मुख्यमंत्री के साथ जीविका सिलाई केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति की निगरानी और जनता से सीधे संवाद के जरिए व्यवस्था को और बेहतर बनाना है।
समृद्धि यात्रा के तहत किए गए इस दौरे से सारण जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और आने वाले समय में जिले में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार और सामाजिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे।
