तीन महीने में अपराधियों का सफाया करेंगे सम्राट चौधरी, लालू यादव पर भी कसा तंज

बिहार सरकार में गृह विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार सख्त तेवर में नजर आ रहे हैं। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जय नारायण निषाद की पुण्यतिथि के मौके पर पहुंचे सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि बिहार में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने कहा कि कई अपराधी पहले ही भाग चुके हैं और जो बचे हुए हैं, उन्हें भी अगले तीन महीने में राज्य से बाहर कर दिया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि उनका मकसद बिहार को अपराध मुक्त बनाना है और इसके लिए वे हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी समाज को सुशासन चाहिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। उनके मुताबिक सरकार का लक्ष्य साफ है कि कानून का राज कायम हो और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिले।
इस दौरान सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने जनता को बड़ी राहत देते हुए 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी है, जिस पर सरकार हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस फैसले का फायदा हर किसी को मिल रहा है, यहां तक कि विरोधियों और लालू यादव के घर को भी 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।
सम्राट चौधरी ने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बिहार में हालात ऐसे थे कि विकास की जगह अव्यवस्था थी, लेकिन अब नीतीश सरकार के कामों से राज्य मछली उत्पादन समेत कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और जल्द ही दूसरे राज्यों में भी निर्यात किया जाएगा।
