समृद्धि यात्रा के तहत गोपालगंज पहुंचे मुख्यमंत्री, 316 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

c

बिहार में सुशासन, विकास और समृद्धि के संकल्प के साथ चल रही समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले का दौरा किया। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया और अधिकारियों के साथ उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

गोपालगंज में मुख्यमंत्री ने 181 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 33 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं 135 करोड़ रुपये की लागत की 7 योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इन योजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बतरदेह पंचायत में सारण तटबंध के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अलावा बरौली प्रखंड में भी कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। यहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने गोपालगंज में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन को संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश भी दिया गया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गोपालगंज में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है और जनता की भागीदारी से ही समृद्ध बिहार का सपना साकार होगा। समृद्धि यात्रा के जरिए सरकार जमीनी स्तर पर योजनाओं की हकीकत जानकर उन्हें और प्रभावी बनाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed