समृद्धि यात्रा के तहत सारण में विकास को नई गति, 538 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प के साथ चल रही समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सारण जिले में विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिले को बड़ी सौगात देते हुए 451 करोड़ रुपये की लागत वाली 45 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 87 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छपरा सदर स्थित जीविका सिलाई केंद्र और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छपरा का भी निरीक्षण किया गया। यहां उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं को मिल रहे अवसरों की जानकारी ली गई तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी विकास योजनाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएं। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके बाद जन-संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया गया और उन्हें संबोधित करते हुए सरकार की विकास प्राथमिकताओं से अवगत कराया गया।
