बेगूसराय में प्रियंका गांधी की पहली रैली, NDA सरकार पर साधा निशाना

kkkkk

बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बेगूसराय में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र की एनडीए सरकार पर बेरोजगारी, पलायन और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर तीखे आरोप लगाए।

प्रियंका गांधी ने दावा किया कि बिहार में ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं चल रही, बल्कि ‘दिल्ली से संचालित सिंगल इंजन सरकार’ है। उन्होंने कहा कि “राज्य का हर निर्णय दिल्ली से नियंत्रित होता है। न आपकी सुनवाई हो रही है और न ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बातों को महत्व दिया जा रहा है।”

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने SIR के माध्यम से राज्य में करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए, जिसे उन्होंने लोगों के अधिकारों की “चोरी” बताया। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र का सबसे बड़ा आशीर्वाद है, लेकिन सरकार इसे कमजोर कर रही है।

प्रियंका गांधी ने केंद्र की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए सरकार ‘विभाजनकारी राजनीति’ और ‘झूठे राष्ट्रवाद’ की बात कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बेरोजगारी और पलायन को बिहार की सबसे बड़ी चुनौती बताया।

बीजेपी नेताओं पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “वे या तो बीते 20 साल आगे की बात करते हैं या फिर पुरानी बातें दोहराते हैं। नेहरू और इंदिरा जी की आलोचना करते हैं, लेकिन बेरोजगारी-पलायन जैसे मुद्दों पर मौन रहते हैं।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में IIT-IIM और बड़े उद्योगों की स्थापना कांग्रेस सरकार और नेहरू जी के नेतृत्व में हुई, जिसने देश को प्रगति की दिशा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed