बिहार बन रहा है फिल्म और वेब सीरीज की नई पसंद !

बिहार में फिल्म और वेब सीरीज निर्माताओं की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है और राज्य अब धीरे धीरे देश के नए शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। बिहार सरकार के कला और संस्कृति विभाग के अनुसार अब तक राज्य के अलग अलग लोकेशनों पर 37 फिल्मों वेब सीरीज और डॉक्यूमेंट्री को शूटिंग की अनुमति दी जा चुकी है। सरकार का मानना है कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 के लागू होने के बाद सिनेमा जगत में राज्य की पहचान मजबूत हुई है।
कला और संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने प्रेस वार्ता में कहा कि बिहार अब राष्ट्रीय सिनेमा मानचित्र पर अपनी अलग जगह बना रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार हर बड़े सांस्कृतिक और औद्योगिक मंच पर अपनी फिल्म नीति का प्रचार कर रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा निर्माता बिहार की ओर आकर्षित हों। इसके साथ ही बिहार फिल्म और ड्रामा संस्थान की स्थापना के लिए भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है जिससे राज्य में फिल्म और रंगमंच की पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा।
प्रणव कुमार ने कहा कि बिहार के पर्यटन स्थलों को भी शूटिंग के अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है ताकि निर्माता प्राकृतिक और ऐतिहासिक लोकेशनों का लाभ उठा सकें। पांडुलिपि संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में भी सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है ताकि राज्य की परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि फिल्म और नाट्य की पढ़ाई कर रहे छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति योजना भी चलाई जा रही है जिसके तहत अब तक 13 लाख रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। इसके साथ ही विलुप्तप्राय और हाशिए पर पहुंच चुकी लोक कलाओं को फिर से जीवित करने के लिए मुख्यमंत्री गुरु शिष्य परंपरा योजना शुरू की गई है।
इस योजना के तहत अनुभवी कलाकार गुरु बनकर युवाओं को पारंपरिक कला लोक संगीत नृत्य और वादन की ट्रेनिंग दे रहे हैं और इसका अच्छा असर भी दिखने लगा है। अब तक इस योजना के तहत 233 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
इसके अलावा वरिष्ठ और उपेक्षित कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना भी लागू की जा रही है जिसके तहत पात्र कलाकारों को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार का कहना है कि इन सभी पहलों से बिहार में कला संस्कृति और फिल्म उद्योग को नई ऊर्जा मिल रही है और राज्य आने वाले समय में क्रिएटिव इंडस्ट्री का एक मजबूत केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है
