सीतामढ़ी में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा की जोरदार तैयारी, 538 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर सीतामढ़ी जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बेलसंड में होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी विभाग अलर्ट मोड में हैं। मुख्यमंत्री आगामी 19 जनवरी को समृद्धि यात्रा के तहत सीतामढ़ी पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले में कुल 538 करोड़ 71 लाख रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 192 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से बने पुल, पुलिया, सड़क और भवनों का उद्घाटन करेंगे, जबकि 346 करोड़ 02 लाख रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बेलसंड-मीनापुर पथ में चंदौली घाट पर 70 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रसलपुर-गाढ़ा पथ में 9 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बने एम आकार के उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का भी लोकार्पण होगा। जिले के रीगा, सोनबरसा, बथनाहा, परिहार, बैरगनिया, मेजरगंज, सुरसंड, पुपरी, डुमरा, सुप्पी, चोरौत और परसौनी प्रखंडों में प्रखंड सह अंचल कार्यालय और आवासीय भवनों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इन योजनाओं में सड़क, पुल और पुलिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
समृद्धि यात्रा के दौरान बेलसंड प्रखंड स्थित चंदौली हाई स्कूल मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और जीविका दीदियों से सीधा संवाद करेंगे। जीविका समूहों की ओर से लगाए जा रहे स्टॉल के माध्यम से स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों की प्रस्तुति की जाएगी।
इसी स्थल पर मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। बैठक में सचिव, मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के आधार पर किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे और संबंधित योजनाओं का प्रस्तुतिकरण देखेंगे।
मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद की जा रही है। यातायात, स्वास्थ्य और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। जन संवाद स्थल में प्रवेश से पहले कड़ी जांच की जाएगी और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा जिले भर में सरकार प्रायोजित योजनाओं के प्रचार के लिए जगह-जगह विकासात्मक होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और जन संवाद स्थलों पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी प्रचार सामग्री लगाई जा रही है, ताकि आम लोगों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से भी लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया जा रहा है।
