बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव आमने-सामने, तीखी नोकझोंक से गरमाया सदन

cm-bihar
Share this post

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन का माहौल उस वक्त पूरी तरह गरमा गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कड़े शब्दों में फटकार लगाई, जिससे सदन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से कहा कि चुपचाप बैठकर उनकी बातें सुनी जाएं और यह भी सवाल किया कि छह विधायकों को अपनी ओर खींचने के लिए पैसा कहां से लाया गया था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गड़बड़ियों से ही यह सब किया गया और इसी वजह से उन्होंने बाद में अलग होने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष के विधायकों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष की ओर से विरोध के स्वर उठने लगे।

मुख्यमंत्री की तीखी टिप्पणी पर तेजस्वी यादव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने कहा कि कुछ भी बोलिए। इस पर नीतीश कुमार और सख्त हो गए और उन्होंने तेजस्वी को डांटते हुए बैठने को कहा। तेजस्वी यादव जब दोबारा बोलने लगे तो मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बच्चे नहीं हैं और वह उनके पिता के समय से राजनीति में हैं। नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि उन्होंने तेजस्वी को मान दिया और आगे बढ़ाया।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सदन में शोर-शराबा होता रहा और कुछ देर तक कार्यवाही बाधित रही। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा, जिससे बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही राजनीतिक तल्खी के नाम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *